मोदी सरकार संसद में डिलिमिटेशन बिल पेश करने की तैयारी में है। बिल पास कराने के लिए दो तिहाई बहुमत चाहिए, लेकिन सरकार का दावा है कि उसके पास इससे ज्यादा संख्या होगी। पिछली बार अप्रैल में यह बिल संसद में पेश नहीं हो सका था। अब एमके स्टालिन की डीएमके और शरद पवार की एनसीपी-एसपी ने बिल का समर्थन करने का फैसला किया है। बिल पास होने पर लोकसभा में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 816 हो जाएगी। पिछली वोटिंग के समय दोनों पार्टियों ने बिल का विरोध किया था।

सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सरकार ने सालभर पहले ही बातचीत शुरू कर दी थी, लेकिन अप्रैल-मई में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव होने के कारण डीएमके का रुख नरम नहीं हुआ। सरकार ने अप्रैल में बिल आने से पहले बता दिया था कि वह डीएमके की मांगों को पूरा करने को तैयार है, जिसमें हर राज्य में 50 फीसदी सीटें बढ़ाना शामिल है, ताकि तमिलनाडु की सीटों के हिस्से में कमी न आए। चुनावी साल होने की वजह से डीएमके ने विरोध जारी रखा और स्टालिन ने विधानसभा में बिल के खिलाफ प्रस्ताव पास कर बिल की कॉपी भी फाड़ी थी।

विधानसभा चुनाव नतीजों और राज्य में बने नए गठबंधन ने डीएमके का रुख बदलने पर मजबूर किया। डीएमके चुनाव हार गई और थलपति विजय की नई पार्टी टीवीके 108 सीटों के साथ राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि डीएमके 54 सीटों पर सिमट गई। इसके बाद कांग्रेस ने डीएमके का साथ छोड़कर विजय के साथ सरकार बनाई और लगभग 60 साल में पहली बार राज्य में अपने मंत्री बनाए। कांग्रेस के गठबंधन छोड़ने से नाराज डीएमके ने पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया और स्पीकर को पत्र लिखकर लोकसभा में अपने सांसदों को इंडिया अलायंस से अलग बैठाने की मांग की।

डीएमके के विरोध के चलते बिल को जेपीसी में भेजा गया। मॉनशून सत्र में सरकार ने वन नेशन वन इलेक्शन, शिक्षा से जुड़े बिल और एफसीआरए से संबंधित बिल जैसे कई अहम बिल लाने की योजना बनाई थी, लेकिन जेपीसी के पास मौजूद बिलों का समय बढ़ाकर एफसीआरए को भी जेपीसी में भेज दिया। डीएमके और एनसीपी-एसपी ने इन सभी बिलों का विरोध किया था। सरकार ने गिव-एंड-टेक के तहत इन बिलों को पास होने से रोककर जेपीसी में भेज दिया और बदले में डिलिमिटेशन पर समर्थन चाहा। सरकार के वरिष्ठ मंत्री डीएमके के लगातार संपर्क में थे।

दूसरी ओर सरकार की तरफ से शरद पवार से भी बातचीत चल रही थी। अगस्त में शरद पवार अपने पार्टी के सांसदों के साथ पीएम मोदी से मिले। दस अगस्त को हुई इस बैठक का एजेंडा महाराष्ट्र में सूखे के हालात था, लेकिन इससे साफ हो गया कि सरकार और शरद पवार में बातचीत चल रही है। बाद में शरद पवार के बीमार पड़कर अस्पताल में भर्ती होने पर पीएम मोदी ने फोन करके उनका हालचाल लिया। सूत्रों के हवाले से सामने आया है कि पीएम मोदी ने शरद पवार से कहा कि अब उन्हें आराम करना चाहिए और पीएम मोदी तथा शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले मिलकर देश के मामलों को देखेंगे। इससे अटकलें लगने लगीं कि सुप्रिया सुले को जल्द ही मोदी कैबिनेट में जगह मिल सकती है। इन सबके बीच एनसीपी-एसपी डिलिमिटेशन बिल पर समर्थन करने को तैयार हो गई।