सोमवार को लोकसभा में महिला आरक्षण के साथ परिसीमन विधेयक पारित हो सकता है। इससे पहले भाजपा नीत एनडीए को एक और सांसद का समर्थन मिल गया है। असम के नागांव से नवनिर्वाचित देबाशीष शर्मा ने रविवार को लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि आज असम के नागांव संसदीय क्षेत्र से लोकसभा के नवनिर्वाचित सदस्य देवाशीष शर्मा को शपथ दिलाई। मैंने उन्हें लोकसभा में एक सफल कार्यकाल के लिए और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में सार्थक योगदान देने के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
बता दें, नागांव सीट 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रद्युत बारदोलोई ने जीती थी। 18 मार्च 2026 को उन्होंने लोकसभा सदस्यता और कांग्रेस पार्टी दोनों से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद इस सीट पर भाजपा ने देबाशीष शर्मा को टिकट दिया, जो कि अब जीतकर लोकसभा पहुंचे हैं। देबाशीष शर्मा की लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ऐसे समय में हुई है, जब परिसीमन के मुद्दे पर सोमवार को प्रस्ताव आने वाला है। इस प्रस्ताव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही अपने-अपने वोट बढ़ाने की जुगत में लगे हुए हैं।
परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक को सबसे बड़ा झटका डीएमके नेता एम के स्टालिन ने दिया। कांग्रेस से नाराज चल रहे स्टालिन ने इस मुद्दे पर सरकार का समर्थन करने का ऐलान किया है। उन्होंने साफ किया कि सरकार ने इस मुद्दे पर उनकी सभी शर्तों को शामिल कर लिया है। ऐसे में इसका विरोध करने का सवाल ही नहीं है। स्टालिन को मनाने के लिए सोनिया गांधी समेत अन्य विपक्षी नेता भी रविवार को चेन्नई पहुंचे थे, लेकिन इसके बाद भी स्टालिन अपने फैसले पर अडिग रहे।
कांग्रेस पार्टी को दूसरा बड़ा झटका शरद पवार की पार्टी ने दिया। उन्होंने साफ किया कि पार्टी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार का समर्थन करने वाली है। स्टालिन के बाद इंडिया ब्लॉक के नेताओं की टीम अब शरद पवार को मनाने के लिए जाने वाली है। हालांकि, इस बात की संभावना कम है कि शरद पवार भी इस मुद्दे पर अपना फैसला बदलेंगे। शरद पवार के अलावा इंडिया ब्लॉक की एक और साथी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी अभी तक अपने पत्ते संभाल कर रखे हुए हैं। पार्टी की तरफ से कहा गया है कि वह इस मुद्दे पर अभी राज्य और अनुसूचित जाति के हित को समझ रहे हैं। अध्ययन किए जाने के बाद ही पार्टी फैसला लेगी कि इसका समर्थन करना है या फिर नहीं।
