परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस को एक और बड़े झटके का खतरा बढ़ गया है। इंडिया गठबंधन की सहयोगी और झारखंड की सत्तारूढ़ पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) इस बिल का समर्थन कर सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, इंडिया गठबंधन इस बिल का विरोध कर रहा है, लेकिन JMM ने अभी अपना रुख साफ नहीं किया है। शनिवार को पार्टी ने कहा था कि पहले देखेंगे कि इस बिल का झारखंड पर क्या असर पड़ेगा, फिर फैसला करेंगे। सूत्रों का कहना है कि JMM के समर्थन की संभावना ज्यादा है। JMM के पास 6 सांसद हैं, जिनमें 3 लोकसभा और 3 राज्यसभा के हैं। इस बिल पर हर वोट अहम माना जा रहा है, इसलिए ये 6 वोट महत्वपूर्ण हो सकते हैं।

परिसीमन बिल को लेकर पवार परिवार में भी मतभेद सामने आ रहे हैं। रोहित पवार ने सुप्रिया सुले को पत्र लिखकर कहा कि इस समय मन बहुत बेचैन और दुखी है। पत्र में उन्होंने लिखा कि शरद पवार अस्वस्थ हैं और कोई बड़ा फैसला लेने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मुश्किल समय में परिसीमन बिल को समर्थन देने की बात राज्य की जनता को बड़ा झटका दे रही है।

बीएसपी के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने कानपुर के बिल्हौर में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा, सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कुछ लोग गुजरात से, कुछ मठ से और कुछ सैफई से आएंगे और लोगों को गुमराह करेंगे। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, महिला सुरक्षा और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर सरकारों से सवाल पूछे। आकाश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 साल में विज्ञापनों पर करीब 7 हजार करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन बेरोजगारी, भर्ती में देरी और पेपर लीक जैसी समस्याओं का हल नहीं निकाला। उन्होंने कहा कि अब 10 साल के काम का हिसाब मांगने का समय आ गया है।

भोजपुरी स्टार और भाजपा एमएलसी पवन सिंह ने अपने परिवार और रिश्तेदारों से रिश्ता तोड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ उनकी मां प्रतिमा देवी और बड़े भाई रानू सिंह ही उनके अपने हैं, बाकी पूरे खानदान से उनका कोई संबंध नहीं है। पवन सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह बात कही। उन्होंने लिखा कि घर के झगड़ों में बर्दाश्त की सीमा पार हो गई है। उनकी पत्नी ज्योति सिंह से भी लंबे समय से अलगाव चल रहा है और तलाक का मामला अदालत में है।

इंग्लैंड ने रविवार को चौथे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 7 रनों से हरा दिया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 181 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया मिचेल मार्श के शतक के बावजूद सिर्फ 174 रन ही बना सकी। हेनरी क्रोकॉम ने आखिरी ओवर में 12 रन बचाकर मैच इंग्लैंड को जिता दिया। पांच मैचों की सीरीज में इंग्लैंड अब 3-1 से आगे है। इंग्लैंड ने लगातार तीसरी जीत हासिल की है। मार्श ने 57 गेंदों में 119 रन बनाए, लेकिन आखिरी ओवर में आउट हो गए। 25 साल के हेनरी क्रोकॉम इस जीत के हीरो रहे।