डिलिमिटेशन बिल पर द्रमुक प्रमुख एम के स्टालिन को मनाने में इंडिया गठबंधन को सफलता नहीं मिली है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी और माकपा महासचिव एम ए बेबी समेत विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को चेन्नई में स्टालिन से मिला। सूत्रों के मुताबिक बैठक एक घंटे से अधिक चली, जिसमें प्रतिनिधिमंडल ने स्टालिन से परिसीमन विधेयक का समर्थन नहीं करने की अपील की।
अंदरूनी सूत्रों का दावा है कि सोनिया गांधी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को स्टालिन से मुलाकात से पहले काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। वहीं, केंद्र सरकार के शीर्ष सूत्रों ने सोनिया गांधी का प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद उनके सियासी वर्चस्व पर भी सवाल उठाए हैं। बता दें कि द्रमुक के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में आठ सदस्य हैं।
द्रमुक सूत्रों के मुताबिक मनाने की कोशिशों के बावजूद पार्टी के रुख में कोई बदलाव नहीं आया। बैठक के बाद स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी केंद्र के परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी, क्योंकि उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर परिसीमन विधेयक गिर जाता है, तो तमिलनाडु के पास न्यूनतम संरक्षण भी नहीं बचेगा। स्टालिन ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी दलों ने कोई दूसरा विकल्प नहीं सुझाया है और उनके लिए तमिलनाडु सर्वोपरि है।
