मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के कैंपियरगंज स्थित जटायु संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र का निरीक्षण किया। वानिकी एवं औद्यानिक विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम के बाद सीएम यहां पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र के बाड़ों और वहां की समग्र व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों से जटायुओं के रखरखाव, खानपान, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और प्रजनन के लिए की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र में वर्तमान में कुल आठ जटायु रखे गए हैं, जिनमें छह मादा और दो नर शामिल हैं।
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विलुप्तप्राय प्रजाति के इन पक्षियों के संरक्षण और संवर्धन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने केंद्र के आसपास के वातावरण को पक्षियों के अनुकूल बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।
