लोकसभा में सोमवार को परिसीमन विधेयक पर होने वाली चर्चा और मतदान से पहले कांग्रेस सांसद के. सुधाकरन भारत से बाहर चले गए हैं। केरल के कन्नूर से सांसद सुधाकरन फिलहाल दुबई के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। उनकी अनुपस्थिति से कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की चिंता बढ़ गई है।
रविवार को केरल कांग्रेस अध्यक्ष और सुधाकरन के परिवार ने इसे साजिश बताया और केंद्र की भाजपा सरकार के हस्तक्षेप का आरोप लगाया। दुबई में मीडिया से बात करते हुए सुधाकरन के बेटे संजोग ने कहा कि वे शुक्रवार को केवल नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल गए थे। उनके मुताबिक, डॉक्टरों ने न्यूरोलॉजिकल समस्या का हवाला देते हुए 48 घंटे निगरानी में रखने की सलाह दी थी। अस्पताल ने शनिवार को बताया था कि हालत में सुधार है और रविवार को छुट्टी दे दी जाएगी।
संजोग ने आरोप लगाया कि रविवार सुबह दिल्ली ले जाने की तैयारी के दौरान अस्पताल प्रशासन ने उनके पिता को अचानक आईसीयू में शिफ्ट कर दिया और परिवार को मिलने से रोक दिया। उन्होंने दावा किया कि डॉक्टरों ने कहा था कि किसी बॉस का फोन आया था। संजोग ने आशंका जताई कि उनके पिता किसी के दबाव में हैं और रविवार को दिल्ली वापसी रोकने की कोशिश की जा रही है।
केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ ने इसे बेहद गंभीर बताया। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने बताया कि गुरुवार को सुधाकरन के विदेश में इलाज की खबर मिलने पर उन्होंने संपर्क करने की कोशिश की थी। संपर्क न होने पर शुक्रवार को उनके बेटे को फोन कर लोकसभा सत्र को देखते हुए तुरंत दिल्ली लौटने को कहा गया था और भरोसा दिलाया गया था कि चर्चा के बाद पार्टी दिल्ली में इलाज की पूरी व्यवस्था कराएगी। बता दें कि 2021 से 2024 तक केपीसीसी अध्यक्ष रहे सुधाकरन पिछले कुछ समय से पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे हैं। 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को रोकने के लिए विपक्ष एक-एक वोट जुटाने में लगा है, ऐसे में सुधाकरन की मौजूदगी कांग्रेस के लिए अहम मानी जा रही है।
