ओडिशा के तटीय इलाकों में चक्रवात अकवान का असर शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह गोपालपुर के दक्षिण में करीब 60 किलोमीटर और पुरी से लगभग 160 किलोमीटर दूर चक्रवात की लैंडफॉल प्रक्रिया शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार यह प्रक्रिया करीब दो घंटे तक चल सकती है। चक्रवात के कारण समुद्र अशांत है और तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश हो रही है।

समुद्र में ऊंची लहरें उठने और पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने पुरी, कोणार्क और चंद्रभागा समुद्र तटों को पूरी तरह खाली करा दिया है। पर्यटकों और आम लोगों के समुद्र तटों पर जाने पर रोक लगा दी गई है। तटीय इलाकों में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

चक्रवात से निपटने के लिए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी पूरी रात अपनी टीम के साथ हालात की समीक्षा करते रहे। मुख्यमंत्री ने ग्राउंड जीरो पर तैनात अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चक्रवात के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटे के दौरान गोपालपुर में सर्वाधिक 186 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि चांदीपुर में 114 मिलीमीटर, पारादीप में 93 मिलीमीटर और मोहना में 77 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रशासन ने राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है और लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।