दरभंगा के केवटी थाना में पदस्थापित एक दारोगा नीतीश कुमार पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर नौ महीने तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि दारोगा ने शारीरिक संबंध बनाते समय अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए थे और शादी से इनकार करते हुए इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

महिला थानाध्यक्ष के अनुसार पीड़िता का मेडिकल जांच की प्रक्रिया कराई जा रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता के अनुसार आरोपी दारोगा पहले कमतौल थाना में पदस्थापित था, जहां गश्ती के दौरान उससे जान-पहचान हुई थी। दोस्ती के बाद आरोपी ने युवती से अपने प्यार का इजहार किया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाना शुरू कर दिया।

शिकायत में कहा गया है कि जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने इनकार कर दिया और वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा। आरोप है कि दुष्कर्म और प्रताड़ना का विरोध करने पर वह गाली-गलौज भी करता था। बताया जाता है कि आरोपी दारोगा की शादी दूसरी जगह तय हो गई है और इसी महीने उसकी सगाई होने वाली है।

इस संबंध में महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर दारोगा नीतीश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ध्यान रहे कि बिहार के कई जिलों से दारोगा के खिलाफ इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं, और पुलिस ऐसे मामलों को लेकर अलर्ट है तथा लगातार कार्रवाई की जा रही है।