इंग्लैंड के पूर्व फुटबॉल कप्तान और यूनिसेफ के सद्भावना दूत डेविड बेकहम ने मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले की 17 वर्षीय आदिवासी किशोरी हीमा निनामा के साहस की सराहना की है। हीमा ने कम उम्र में हो रही अपनी शादी का विरोध कर पढ़ाई जारी रखने का फैसला किया था। विश्व बाल दिवस के अवसर पर 20 नवंबर को बेकहम ने इंस्टाग्राम पर भील समुदाय से आने वाली हीमा की कहानी साझा करते हुए उनके दृढ़ संकल्प की प्रशंसा की।

झाबुआ जिले के बरखेड़ा गांव की निवासी हीमा जब कक्षा 11वीं में पढ़ रही थीं, तब उनके परिवार ने उनकी शादी तय कर दी थी। हीमा आगे पढ़ना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने शादी से इनकार कर अपने स्कूल के शिक्षकों से मदद मांगी। कल्याणपुरा स्थित सांदीपनि स्कूल के प्राचार्य जीपी ओझा और अन्य शिक्षकों ने हीमा के परिजनों से संवाद कर बाल विवाह के दुष्परिणामों और बालिका शिक्षा के महत्व को समझाया। शिक्षकों के हस्तक्षेप और हीमा की जिद के बाद शादी रोक दी गई। इसके बाद हीमा ने पढ़ाई जारी रखते हुए 11वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। वे वर्तमान में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत हैं और आगे चलकर शिक्षिका बनकर अन्य लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करना चाहती हैं।

बेकहम ने कहा कि यूनिसेफ के साथ उनके 20 वर्षों के जुड़ाव ने दिखाया है कि सही सहयोग मिलने पर लड़कियां नेतृत्व कर सकती हैं और अपने जीवन के महत्वपूर्ण फैसले खुद ले सकती हैं। उन्होंने बाल अधिकारों की रक्षा के लिए यूनिसेफ और सहयोगी संगठनों के प्रयासों की भी सराहना की। एक राज्य अधिकारी के अनुसार, यूनिसेफ इंडिया ने भी हीमा के साहस और संकल्प पर केंद्रित एक शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री साझा की है। यूनिसेफ की टीम ने झाबुआ पहुंचकर उनके गांव और स्कूल में उनकी यात्रा को दर्ज किया। हीमा पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी भाग लेती हैं।

मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने रविवार शाम जारी बयान में हीमा के साहस की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाल विवाह समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रभावी क्रियान्वयन पर ध्यान दे रही है।