वाराणसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में शुक्रवार को डिजिटल एक्स-रे के बाद मरीजों को फिल्म नहीं दिए जाने पर हंगामा हुआ। मरीजों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से एक्स-रे फिल्म के बजाय कंप्यूटर स्क्रीन पर दिख रही तस्वीर मोबाइल से खींचने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि सभी के पास अच्छे कैमरे वाले एंड्रॉयड मोबाइल नहीं हैं। कई मरीजों के पास साधारण कीपैड मोबाइल हैं, और कैमरे वाले फोन से खींची गई तस्वीर भी स्पष्ट नहीं आती। इससे चिकित्सकों को एक्स-रे देखकर उपचार करने में दिक्कत हो रही है। बुजुर्ग और ग्रामीण मरीजों को भी इस व्यवस्था से परेशानी उठानी पड़ रही है।
अस्पताल की पैथोलॉजी में थायराइड और विटामिन बी-12 समेत कुछ अन्य जांचें न होने से मरीजों को बाहर जाना पड़ रहा है। सरकारी अस्पताल में जरूरी सुविधाएं न मिलने से मरीजों में असंतोष है।
इस मामले में अपर निदेशक (एडी) डॉ. दिग्विजय सिंह ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने डीडीयू अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसपी मिश्रा को एक्स-रे फिल्म उपलब्ध कराने और पैथोलॉजी की बाधित जांचों की समस्या दूर कर व्यवस्था दुरुस्त करने की हिदायत दी है।
