देहरादून में सहारनपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में क्लर्क की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब नौ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने रकम लेने के बाद उसके भतीजे को फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया, जिसे न्यायालय के अधिकारियों ने विभाग से जारी नहीं होने की बात कहते हुए फर्जी बताया। पीड़ित की शिकायत पर वसंत विहार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हरी विहार, वसंत विहार निवासी मनोज राठी के मुताबिक वर्ष 2024 में उनकी मुलाकात सहारनपुर निवासी आसिफ अली से हुई थी। आरोप है कि आसिफ ने बड़े अधिकारियों और नेताओं से जान-पहचान होने का दावा करते हुए मनोज के भतीजे अंकित राठी को सहारनपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में क्लर्क के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया और इसके लिए नौ लाख रुपये मांगे। आरोपी ने 29,340 रुपये मासिक वेतन और 60 वर्ष की आयु तक नौकरी बनी रहने का भी दावा किया था।
पीड़ित के अनुसार 27 मई 2024 को पांच लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि दो से 16 जून के बीच गूगल पे और आरटीजीएस के जरिए अलग-अलग किस्तों में करीब 3.94 लाख रुपये और भेजे गए। इस तरह आरोपी को कुल करीब 8.94 लाख रुपये का भुगतान किया गया। आरोप है कि 28 मई को आसिफ ने अंकित के नाम का नियुक्ति पत्र भी दे दिया, लेकिन अंकित के न्यायालय पहुंचने पर वह फर्जी निकला।
पीड़ित का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर आरोपी ने सात लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। मामले में पीड़ित की ओर से एसएसपी को शिकायत दी गई, जिसके बाद वसंत विहार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
