दिल्ली सरकार ने सार्वजनिक व्यवस्था और नियमों के उल्लंघन के आधार पर राजधानी के विभिन्न इलाकों में शराब की 23 खुदरा दुकानें बंद कर दी हैं। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, आबकारी विभाग ने यह कार्रवाई मुख्य रूप से तीन कारणों से की है। कई दुकानों के बाहर असामाजिक तत्वों के जमावड़े और अव्यवस्था को लेकर स्थानीय निवासियों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

दूसरा कारण 'दिल्ली आबकारी नियम, 2010' का उल्लंघन है। इस नियम के तहत किसी भी शैक्षणिक संस्थान या धार्मिक स्थल के 100 मीटर के दायरे में शराब की दुकान नहीं खोली जा सकती। इन नियमों की अनदेखी करने वाली दुकानों पर कार्रवाई की गई है। तीसरा कारण यह है कि एक ही इलाके या बाजार में आसपास कई दुकानें होने से ट्रैफिक जाम लगता था और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, लोगों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए राजधानी में शराब की दुकानों के संचालन की समीक्षा की जा रही है। प्रशासन ने चिह्नित की गई 52 अन्य दुकानों को भी जल्द बंद करने की योजना तैयार की है। इन दुकानों पर भी इसी तरह की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।