इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 21 नवंबर की शाम भारी एयर ट्रैफिक कंजेशन के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली आने वाली कई उड़ानों को तय समय पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। आसमान में विमानों की लंबी कतार और इंतजार के बीच ईंधन की कमी की स्थिति बनने पर एयर इंडिया की दो उड़ानों को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट की संचालन एजेंसी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) के सूत्रों के अनुसार, विमानों के डायवर्जन की वजह ईंधन में कमी थी। इससे यात्रियों को घंटों की देरी और परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-1805 विशाखापट्टनम से दिल्ली आ रही थी। एयर ट्रैफिक कंजेशन के कारण विमान को समय पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। ईंधन की स्थिति को देखते हुए इसे जयपुर भेज दिया गया। वहां करीब एक घंटे रुकने के बाद रात 8:27 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरने की अनुमति मिली और विमान रात 9:05 बजे दिल्ली पहुंचा।
इसी तरह पटना से दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स-2230 को भी ईंधन की कमी के चलते जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। यह विमान रात करीब 9:50 बजे दिल्ली पहुंच सका।
आईजीआई एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल है। यहां विमानों की आवाजाही बढ़ने या परिचालन संबंधी कारणों से लैंडिंग प्रभावित होने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) विमानों को हवा में होल्ड करने के निर्देश देता है, जिससे ईंधन की खपत बढ़ सकती है। हालांकि, ईंधन कम होने का मतलब यह नहीं है कि विमान का ईंधन पूरी तरह खत्म हो गया था या आपातकाल घोषित किया गया था।
