दिल्ली सरकार ने हिंदी, संस्कृत, पंजाबी, मैथिली-भोजपुरी तथा गढ़वाली, कुमाऊंनी व जौनसारी अकादमी की गवर्निंग काउंसिल का पुनर्गठन किया है। कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पांचों अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल में कुल 101 सदस्य शामिल किए गए हैं। इसका उद्देश्य दिल्ली की भाषा और साहित्यिक गतिविधियों को गति देना बताया गया है।
अधिसूचना के मुताबिक संबंधित अकादमी के अध्यक्ष कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री होंगे, जबकि वित्त विभाग के प्रधान सचिव और कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग के सचिव पदेन सदस्य रहेंगे। हिंदी अकादमी के उपाध्यक्ष अनिल अग्रवंशी बनाए गए हैं। हिंदी अकादमी के सदस्यों में गजेंद्र सोलंकी, रितु गोयल, भुवनेश सिंघल, प्रवीण आर्य, रितु दुबे तिवारी, प्रो. कृष्ण शर्मा, प्रो. ममता वालिया, सोनाली मिश्रा, जय सिंह आर्य, मनोज शर्मा, जितेंद्र वीर कालरा, मुकेश अग्रवाल, डॉ. कीर्ति काले, डॉ. नवीन गुप्ता और अनंत विजय का नाम शामिल है।
संस्कृत अकादमी के उपाध्यक्ष प्रो. यशवीर सिंह होंगे, जबकि पंजाबी अकादमी के उपाध्यक्ष सरदार इम्प्रीत सिंह बख्शी बनाए गए हैं। मैथिली-भोजपुरी अकादमी के उपाध्यक्ष बिपिन बिहारी और गढ़वाली, कुमाऊंनी व जौनसारी अकादमी के उपाध्यक्ष डॉ. धीरज जोशी मनोनीत किए गए हैं। अधिसूचना में सभी अकादमियों के उपाध्यक्षों और सदस्यों के नाम भी जारी किए गए हैं।
विभाग की अधिसूचना के अनुसार सभी अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल के सदस्यों का कार्यकाल अधिसूचना जारी होने की तारीख से दो वर्ष का होगा। पदेन सदस्यों को इस कार्यकाल की शर्त से अलग रखा गया है। सभी अकादमियों के सचिव सदस्य सचिव की जिम्मेदारी निभाएंगे।
