दिल्ली सरकार की प्रस्तावित नई आबकारी नीति का मसौदा केंद्र सरकार से मंजूर हो चुका है। इसे एक अप्रैल 2027 से लागू करने की योजना है, क्योंकि मौजूदा आबकारी नीति 31 मार्च 2027 तक प्रभावी है। सूत्रों के अनुसार नीति को पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद लागू किए जाने की तैयारी है। नई नीति में पारदर्शिता, गुणवत्ता नियंत्रण और सरकारी राजस्व बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।

नीति में शराब की खुदरा बिक्री का मौजूदा सरकारी ढांचा बरकरार रखा जाएगा। दुकानों का संचालन दिल्ली सरकार के चार निगमों के माध्यम से ही होगा और खुदरा कारोबार में निजी कंपनियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आपूर्ति से लेकर बिक्री तक निगरानी मजबूत करने के लिए ई-आबकारी पोर्टल और बारकोड आधारित ट्रैकिंग प्रणाली को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि अवैध बिक्री, तस्करी और कर चोरी पर अंकुश लग सके। लाइसेंस आवंटन और नवीनीकरण की प्रक्रिया भी ऑनलाइन और पारदर्शी बनाने का प्रस्ताव है।

शराब की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित नमूनों की जांच और वैज्ञानिक परीक्षण की व्यवस्था प्रस्तावित है। मानकों का पालन न करने वाले निर्माताओं और विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नई नीति में आबकारी शुल्क की दरें बढ़ाने का प्रस्ताव है, जो वर्ष 2014 से नहीं बदली हैं। शुल्क बढ़ने से शराब महंगी हो सकती है। खुदरा दुकानों के मार्जिन को तर्कसंगत बनाया जाएगा, ताकि प्रीमियम घरेलू और विदेशी ब्रांड की बिक्री को प्रोत्साहन मिले।

सरकार का उद्देश्य गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद जैसे पड़ोसी शहरों में शराब खरीदने जाने वाले उपभोक्ताओं को दिल्ली के बाजार में ही बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना है। इसके लिए दुकानों का स्वरूप बदलने, बुनियादी सुविधाएं सुधारने और प्रीमियम मॉडल शॉप विकसित करने का भी प्रस्ताव है।