नई दिल्ली। नवंबर का तीसरा सप्ताह खत्म होने को है, लेकिन दिल्ली में अभी तक ठिठुरन वाली ठंड नहीं आई है। एक समय था जब नवंबर में ही कंबल ओढ़ने की नौबत आ जाती थी, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज बदला हुआ है। साल 2026 में ठंडक ने दस्तक तो दी है, लेकिन वह अहसास नहीं दिया है जिसका इंतजार रहता है।

पिछले साल इस समय दिल्ली में रात का तापमान लगभग 14.3 डिग्री सेल्सियस रहता था। इस साल यह करीब 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है, जो सामान्य से लगभग चार से आठ डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में भी तापमान अपेक्षाकृत गर्म रहने की संभावना है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान और जलवायु मॉडल के अनुसार, 2026-27 की सर्दियों के सामान्य से कम ठंडी और छोटी रहने की संभावना है। इसका मुख्य कारण प्रशांत महासागर में सक्रिय 'मजबूत अल नीनो' बताया गया है। इसके अलावा कमजोर पश्चिमी विक्षोभ, जलवायु परिवर्तन और अर्बन हीट आइलैंड के प्रभाव को भी इसका कारण माना जा रहा है।

इस बीच दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर भी चिंता बढ़ा रहा है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) फिर से 300 के पार पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई है।