पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने महिला का भेष बनाकर राहगीरों को लूटने के आरोप में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान लोनी की पूजा कॉलोनी निवासी मोनू उर्फ चाइनीज और साउथ गामड़ी निवासी सागर शर्मा के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से लूटे गए 1400 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि इनकी गिरफ्तारी से न्यू उस्मानपुर और शास्त्री पार्क थाना क्षेत्र में हुई लूट की दो वारदातें सुलझ गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर की तड़के करीब 4 बजे प्लाईवुड लेकर बुराड़ी जा रहा एक टेंपो ड्राइवर सिग्नेचर ब्रिज के पास पहुंचा। वहां महिला के कपड़ों में खड़े एक व्यक्ति ने मदद के लिए हाथ देकर उसे रोका। ड्राइवर के वाहन से नीचे उतरते ही महिला के भेष में मौजूद बदमाश ने उसे पकड़ लिया, तभी पीछे से एक अन्य साथी ने उसका गला दबा दिया। इस दौरान दो अन्य बदमाशों ने ड्राइवर का मोबाइल फोन, 2500 रुपये और तीन चाबियां लूट लीं। बदमाशों के चंगुल से निकलने के बाद ड्राइवर ने पुलिस को सूचना दी।

जांच में सामने आया कि मोनू महिला के कपड़े पहनकर सुनसान रास्तों पर खड़ा होता था और अकेले गुजरने वाले वाहन चालकों से मदद मांगकर उन्हें रोकता था। मदद के लिए रुकने वाले ड्राइवर जैसे ही वाहन से नीचे उतरते, आसपास झाड़ियों या सुनसान जगहों पर छिपे उसके साथी अचानक हमला कर लूटपाट करते थे। पुलिस के मुताबिक, यमुना खादर इलाके में भी इसी तरीके से वारदात की गई थी। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शास्त्री पार्क थाना क्षेत्र में बाबा श्याम गिरि मंदिर के पास हुई लूट में शामिल होने की बात बताई है।

पुलिस के अनुसार, मोनू के खिलाफ पहले से 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि सागर पर पांच मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।