साइबर अपराधी ठगी की रकम छिपाने और निकालने के लिए म्यूल बैंक खातों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ऐसे खातों को बंद करा रही है और आरोपियों पर कार्रवाई कर रही है। पिछले 10 महीनों के आईएफएसओ के आंकड़ों के मुताबिक, 318 खाताधारकों और 102 खाता मुहैया कराने वालों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली में हुई साइबर ठगी की जांच में पता चला कि ठगी की रकम दूसरे और तीसरे लेयर के करीब तीन लाख खातों तक पहुंची, जिन्हें बंद करवा दिया गया।

साइबर एक्सपर्ट पवन दुग्गल के मुताबिक, सिंडिकेट छात्रों, बेरोजगार युवाओं, दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा-ठेली चालकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को हर महीने पांच हजार रुपये किराए का लालच देकर खाते खुलवाता है। नौकरी या वेतन खाते के बहाने भी दस्तावेज लेकर खाते खोले जाते हैं। इन खातों की चेकबुक, एटीएम और इंटरनेट बैंकिंग का नियंत्रण सिंडिकेट अपने पास रखता है। फर्जी फर्मों के नाम पर करंट अकाउंट खुलवाकर पेमेंट गेटवे, क्यूआर कोड और पीओएस की सीमाओं का फायदा उठाया जाता है। कई मामलों में बैंक कर्मचारियों या रिलेशनशिप मैनेजरों की संलिप्तता से केवाईसी नियमों में ढील दी जाती है।

म्यूल खातों पर लगाम के लिए आरबीआई इनोवेशन हब का 'म्यूल हंटर एआई मॉडल', दूरसंचार विभाग का 'फाइनेंशियल फ्रॉड रिस्क इंडिकेटर' और एनसीआरपी मनी रिकवरी मॉड्यूल जैसी व्यवस्थाएं सक्रिय की गई हैं। पवन दुग्गल कहते हैं कि ठगी का पैसा आते ही मिनटों में दर्जनों खातों में बांटकर एटीएम, पीओएस या क्रिप्टोकरेंसी से निकाल लिया जाता है, जिससे खाते फ्रीज करने का समय बहुत कम मिलता है। खाताधारक, हैंडलर, तकनीकी ऑपरेटर और क्रिप्टो व विदेशी संचालक अलग-अलग राज्यों या विदेशों में होते हैं, जिससे समन्वय में समय लगता है।

इस साल दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ, जिला साइबर थानों और विशेष अभियानों (जैसे ऑपरेशन सायहाक) ने म्यूल खातों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने बड़ी संख्या में संदिग्ध खाते फ्रीज किए और आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसा। इस साल म्यूल खातों का इस्तेमाल मुख्य रूप से डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश, शेयर मार्केट व आईपीओ ट्रेडिंग, पार्ट-टाइम टास्क, जॉब फ्रॉड, एपीके व मैलवेयर और अवैध गेमिंग व सट्टेबाजी की रकम खपाने में किया गया।