देवरिया जिले में बीएलओ की ड्यूटी ज्वाइन न करने के आरोप में एक सहायक अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में यह कार्रवाई की है।
बीएसए की ओर से जारी निलंबन आदेश के अनुसार, विकास क्षेत्र बनकटा के प्राथमिक विद्यालय इंगुरी बाजार में तैनात सहायक अध्यापक काशीनाथ पाण्डेय की बीएलओ के रूप में ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन उन्होंने निर्धारित समय तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी बनकटा की ओर से कई बार मौखिक निर्देश दिए गए, लेकिन शिक्षक ने आदेशों का अनुपालन नहीं किया। उपजिलाधिकारी भाटपाररानी की ओर से भी बीएलओ ड्यूटी ज्वाइन करने का निर्देश दिया गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर ब्लाक संसाधन केंद्र बनकटा से संबद्ध कर दिया है।
प्रकरण की जांच के लिए विकास क्षेत्र भाटपाररानी के खंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें 15 दिनों के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
