जोशीमठ में भू-धंसाव की औसत गति 2016-2020 के दौरान लगभग पांच मिलीमीटर प्रतिवर्ष थी, जो 2021-2026 के बीच बढ़कर करीब 56 मिलीमीटर प्रतिवर्ष हो गई। वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान (डब्ल्यूआईएचजी) के शोधकर्ताओं के नेतृत्व में हुए नए अध्ययन में 2025-26 के दौरान भू-धंसाव के फिर सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। यह जानकारी राष्ट्रीय भू-अनुसंधान अध्येता सम्मेलन (एनजीआरएसएम)-2026 में सामने आई।
शोधकर्ताओं ने 2016 से 2026 तक सेंटिनल-1 उपग्रह के इंटरफेरोमेट्रिक सिंथेटिक अपर्चर रडार के आंकड़ों का विश्लेषण लगातार संचालित होने वाले ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम के आंकड़ों के साथ किया। अध्ययन में सर्वाधिक 9.51 मिलीमीटर प्रतिदिन की गति दर्ज की गई, जो 2022 के अंतिम महीनों से 2023 की शुरुआत तक की अवधि में सामने आई। इसमें जनवरी 2023 की भू-धंसाव की घटना भी शामिल थी। इससे स्पष्ट हुआ कि उस समय जमीन की हलचल पहले से मौजूद भूगर्भीय गतिविधि के बीच अचानक तेज हुई थी।
जमीन के नीचे की संरचना समझने के लिए इलेक्ट्रिकल रेजिस्टिविटी टोमोग्राफी, मल्टीचैनल एनालिसिस ऑफ सरफेस वेव्स और ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। भौतिकी आधारित इनवर्जन मॉडलिंग से अनुमान लगाया गया कि सक्रिय भू-पिंड लेंस के आकार का है, जिसकी औसत मोटाई 27.9 मीटर और अनुमानित आयतन 6.3 करोड़ घन मीटर है।
अध्ययन का महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह है कि 2023 के बाद जमीन की हलचल में आई कमी स्थायी स्थिरीकरण का प्रमाण नहीं है। 2025-26 के दौरान दोबारा भू-विरूपण के संकेत मिलने से स्पष्ट होता है कि जोशीमठ की भूगर्भीय प्रणाली अभी भी सक्रिय है। शोधकर्ताओं के अनुसार, सतह पर दिखने वाली दरारों या एक बार के सर्वेक्षण के आधार पर निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता; इसके लिए उपग्रह, जीपीएस, जमीन के भीतर की संरचना और जलवायु संबंधी आंकड़ों की संयुक्त निगरानी जरूरी है।
