रिलायंस इंडस्ट्रीज ने फरवरी 2025 में चीनी फास्ट फैशन ब्रांड शीन को भारत में दोबारा लॉन्च किया था। कंपनी को उम्मीद थी कि रिलायंस के बड़े रिटेल नेटवर्क और शीन की सस्ती व ट्रेंडी कपड़ों की पहचान के दम पर ब्रांड फिर लोकप्रिय हो जाएगा, लेकिन करीब डेढ़ साल बाद भी यह कोशिश उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं हो पाई है। सप्लाई चेन की दिक्कतें, कामकाज में अनिश्चितता और शीन की खास टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल न कर पाना इसकी बड़ी वजहें बताई जा रही हैं।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में शीन के ऐप पर यूजर्स की संख्या में खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। अक्टूबर में ऐप के मंथली एक्टिव यूजर्स करीब 60 लाख रहे, जो सितंबर से कम और जनवरी 2025 के स्तर के आसपास है। वहीं फैशन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म मिंत्रा के औसतन करीब 10 करोड़ मंथली एक्टिव यूजर्स हैं।
शीन ने 2017 में भारत में एंट्री की थी और कम कीमत पर नए डिजाइन वाले कपड़े मिलने के कारण युवाओं में तेजी से लोकप्रिय हुआ था। जून 2020 में भारत सरकार ने सुरक्षा कारणों से कई चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिनमें शीन और टिकटॉक भी शामिल थे। फरवरी 2025 में शीन ने रिलायंस के साथ साझेदारी के जरिए वापसी की। इस बार भारत में कंपनी के सभी कामकाज की जिम्मेदारी रिलायंस रिटेल के पास है, जिसमें प्रोडक्ट चुनने, मार्केटिंग और बिक्री जैसे काम शामिल हैं। ईशा अंबानी रिलायंस रिटेल की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं।
शीन अपनी खास तकनीक से 10 दिन में नए डिजाइन तैयार कर लेती है, लेकिन भारत में वापसी के दौरान शीन ने यह तकनीक रिलायंस के साथ साझा नहीं की। इसलिए रिलायंस को सब कुछ नए सिरे से बनाना पड़ा और छोटे भारतीय निर्माताओं को ट्रेनिंग देने में समय व कपड़ों का नुकसान हो रहा है। शीन की गैरमौजूदगी में भारत का ऑनलाइन फैशन बाजार काफी बदल चुका है और मिंत्रा, ट्रेंट, आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल तथा मीशो जैसे प्लेटफॉर्म मजबूत हो चुके हैं। भारत का ऑनलाइन फैशन और लाइफस्टाइल बाजार 2028 तक 45 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
रिलायंस की कंपनी नेक्स्टजेन फास्ट फैशन लिमिटेड ने 31 मार्च 2026 को खत्म हुए वित्त वर्ष में करीब 44 लाख रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया, जबकि रिलायंस रिटेल का कुल रेवेन्यू करीब 3.7 लाख करोड़ रुपये रहा। रिपोर्ट के मुताबिक रिलायंस अगले साल की शुरुआत में भारत में बड़े स्तर पर मार्केटिंग अभियान शुरू कर सकती है। कंसल्टेंसी फर्म थर्ड आईसाइट के फाउंडर देवांग्शु दत्ता के मुताबिक रिलायंस की कारोबारी रणनीति बड़े पैमाने पर कारोबार बढ़ाने और तेजी से बाजार में पकड़ बनाने पर आधारित रही है।
