उत्तरकाशी के धराली में पांच अगस्त 2025 को आई विनाशकारी आपदा के कारणों पर एक संयुक्त तकनीकी रिपोर्ट सामने आई है। वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान समेत पांच विज्ञानी संस्थाओं की इस रिपोर्ट के अनुसार, आपदा बादल फटने से नहीं, बल्कि लगातार बारिश और बर्फ पिघलने से कमजोर हुए ग्लेशियर से जुड़े मलबे के तेजी से खिसकने के कारण हुई थी। रिपोर्ट को वाडिया में जियो रिसर्च स्कालर्स मीट में साझा किया गया।

विशेषज्ञों ने घटना के वीडियो का विश्लेषण कर मलबे के छह अलग-अलग प्रवाह चरणों की पहचान की। रिपोर्ट के अनुसार, मलबे की अधिकतम गति 33 मीटर प्रति सेकंड यानी करीब 119 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंची थी और इसका अधिकतम प्रवाह दबाव 2186 किलोपास्कल आंका गया। पहला और सबसे विनाशकारी प्रवाह दोपहर करीब 1:30 बजे आया, जिसमें बड़े बोल्डर, चट्टानों के टुकड़े और पेड़ों का मलबा शामिल था। दूसरा प्रवाह 2:40 बजे गीली मिट्टी और महीन मलबे के साथ आया, जबकि 3:30 बजे आए तीसरे प्रवाह ने एक संचार टावर के आधार को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद 3:45 और 3:50 बजे चौथा और पांचवां प्रवाह आया। शाम करीब 6:30 बजे पहुंचे छठे प्रवाह ने पूरे मलबा क्षेत्र में 1.5 से दो मीटर तक मोटी नई तलछट जमा कर दी।

रिपोर्ट में रैम्स डेब्रिस फ्लो माडल के जरिए घटना का पुनर्निर्माण किया गया। इसमें शुरुआत में दो मिलियन घन मीटर मलबा छोड़े जाने का अनुमान लगाया गया और रास्ते में करीब पांच लाख घन मीटर अतिरिक्त सामग्री का कटाव हुआ। इस तरह धराली में कुल जमा मलबे की मात्रा लगभग 25 लाख घन मीटर आंकी गई। इस आंकड़े का मिलान भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र (एनआरएससी) के उपग्रह विश्लेषण से भी किया गया। मलबे का फैलाव करीब 20 हेक्टेयर क्षेत्र में पाया गया और इसकी औसत ऊंचाई 12.5 मीटर रही। धराली में मलबे की जमाव ऊंचाई 10 से 15 मीटर तक रही। मलबे के दबाव और जमाव से बस्ती के अधिकांश होटल, होमस्टे, दुकानें, आवासीय भवन और राष्ट्रीय राजमार्ग का करीब 400 से 500 मीटर हिस्सा नष्ट हो गया।

रिपोर्ट के अनुसार, करीब 3730 मीटर की ऊंचाई पर दो जलधाराएं मिलती हैं, जिसके बाद मलबे को लगभग चार किलोमीटर के रास्ते में 1200 मीटर की ऊंचाई का अंतर पार करना पड़ा। 45 से 75 डिग्री तक की तीखी ढलान और संकरी घाटी ने मलबे की गति बढ़ाई। विशेषज्ञों ने धराली के प्रभावित क्षेत्र को पुनर्वास के लिए अनुपयुक्त बताते हुए नो-बिल्ड जोन घोषित करने और प्रभावित हिस्से में राष्ट्रीय राजमार्ग का स्तर कम से कम पांच मीटर ऊंचा करने की सिफारिश की है।