सेंट्रल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट के 22वें एडिशन (CTET 2026) के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की परीक्षा नजदीक आ रही है। सीबीएसई की ओर से बताया गया था कि एग्जाम सिटी स्लिप परीक्षा से 15 दिन पहले जारी होगी। परीक्षा में अब 15 दिन ही बचे हैं, ऐसे में सिटी इंटीमेशन स्लिप कभी भी जारी हो सकती है। अभ्यर्थी इससे अपने परीक्षा शहर की जानकारी हासिल कर पूर्व यात्रा की तैयारी कर सकेंगे। स्लिप केवल ऑनलाइन माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in पर जारी की जाएगी, जहां से अभ्यर्थी लॉग इन डिटेल दर्ज करके इसे डाउनलोड कर सकेंगे।

सीटीईटी परीक्षा 12 और 13 दिसंबर 2026 को आयोजित की जानी है। परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट का समय सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक रहेगा, जबकि दूसरी शिफ्ट का समय अपरान्ह 2:30 से शाम 5 बजे तक रहेगा। पहली शिफ्ट के उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर 120 मिनट पहले यानी सुबह 7:30 बजे रिपोर्ट करना होगा। दूसरी शिफ्ट के उम्मीदवारों को दोपहर 12:30 बजे केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा।

सीबीएसई की ओर से की गई घोषणा के मुताबिक, परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 7 से 10 दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। चूंकि परीक्षा 12 और 13 दिसंबर को है, ऐसे में एडमिट कार्ड 2 से 6 दिसंबर के बीच जारी किए जा सकते हैं।