भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार के मखाने से तैयार डोसा और मैकरोनी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। ये व्यंजन पारंपरिक तरीके से नहीं, बल्कि दरभंगा के मखाने से बनाए जा रहे हैं। मेले में मखाने की मैकरोनी और डोसा स्टॉल के खास आकर्षण बने हुए हैं और लोग इन्हें चखने के लिए उत्सुक हैं।

इस पहल के पीछे दरभंगा की गार्गी सारा हैं, जो पहल की को-फाउंडर हैं। उनका उद्देश्य मखाने को खीर और भुने स्नैक्स तक सीमित न रखते हुए रोजमर्रा के खानपान में शामिल करना है। स्टॉल पर मखाने की मैकरोनी और डोसे के साथ इडली भी उपलब्ध है।

पारंपरिक बिहारी स्वाद पसंद करने वालों के लिए स्टॉल पर मखाना मालपुआ, ठेकुआ, रबड़ी, कुकीज और लड्डू भी रखे गए हैं। यहां बिहार की पारंपरिक मिठास और दक्षिण भारतीय व्यंजनों का नया मेल देखने को मिल रहा है।

गार्गी सारा ने बताया कि बिहार का दरभंगा मखाना उत्पादन के लिए देशभर में पहचान रखता है। आमतौर पर मखाना खीर, नमकीन और भुने स्नैक्स के रूप में खाया जाता है, लेकिन अब इससे कई नए खाद्य उत्पाद भी बनाए जा रहे हैं। मखाने में प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं। इसे पारंपरिक खानपान से आगे नए और आधुनिक व्यंजनों में शामिल करने के प्रयोग किए जा रहे हैं।