दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में रविवार तड़के एक मकान में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गली नंबर 11 स्थित इस मकान में सुबह करीब 4.30 बजे आग लगी। जानकारी मिलने पर दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और सुबह करीब 5 बजे आग पर काबू पा लिया गया।

बताया गया है कि आग की चपेट में आए सभी लोग पहली मंजिल पर सो रहे थे। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ई-रिक्शा के चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट होना सामने आया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि दिल्ली में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। पिछले महीने 6 नवंबर को करोल बाग के गफ्फार मार्केट में मोबाइल एक्सेसरीज की एक दुकान में आग लग गई थी, जो तेजी से फैलकर चार मंजिला इमारत तक पहुंच गई थी। उस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं थी, लेकिन दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया था।