दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में रविवार तड़के एक मकान में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गली नंबर 11 स्थित मकान में सुबह करीब 4.30 बजे आग लगी। घटना की सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और सुबह करीब 5 बजे आग पर काबू पा लिया गया। जानकारी के अनुसार, आग की चपेट में आए सभी लोग पहली मंजिल पर सो रहे थे।
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ई-रिक्शा के चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट होना सामने आया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 6 नवंबर को दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में मोबाइल एक्सेसरीज की एक दुकान में आग लग गई थी, जो तेजी से फैलकर चार मंजिला इमारत तक पहुंच गई थी। दमकल विभाग की करीब 22 गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया था। उस हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं थी, लेकिन दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया था।
