नई दिल्ली: शादियों का सीजन शुरू होते ही घुड़चढ़ी के लिए घोड़ा-बग्गी का इंतजाम कई परिवारों के लिए चुनौती बन गया है। राजधानी में शादियों की संख्या हजारों में है, लेकिन घोड़ा-बग्गियों की उपलब्धता बेहद सीमित है। एमसीडी के पशु चिकित्सा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, उसके पास महज 275 घोड़ा-बग्गियां ही रजिस्टर्ड हैं। ऐसे में शादी के पीक सीजन में मांग और उपलब्धता के बीच बड़ा अंतर पैदा होने की आशंका है।

देवउठनी एकादशी के साथ शादियों का सीजन शुरू हो जाता है। नवंबर में शादी का पहला और सबसे बड़ा शुभ मुहूर्त होने के कारण दिल्ली में एक ही दिन हजारों शादियां होने का अनुमान है। महज 275 रजिस्टर्ड घोड़ा-बग्गियों से इतनी बड़ी मांग पूरी करना आसान नहीं होगा। बुकिंग के लिए लोगों को पहले से भागदौड़ करनी पड़ रही है। अकसर घोड़ी के समय पर न पहुंचने से घुड़चढ़ी में देरी होती है और बारात की चढ़त भी देर से होती है।

घोड़ा-बग्गी कारोबार से जुड़े एक कारोबारी ने बताया कि शादी के पीक सीजन में एक बग्गी की तीन-तीन घंटे के लिए बुकिंग होती है। बुकिंग के समय ही परिवारों को बता दिया जाता है कि उन्हें दो से तीन घंटे के भीतर बारात की चढ़त पूरी करनी होगी, ताकि उसी बग्गी को दूसरी शादी में भी भेजा जा सके। मांग अधिक होने के कारण कई बार परिवारों को दो घोड़ों वाली बग्गी के बजाय एक घोड़ी से ही काम चलाने के लिए कहा जाता है।

कारोबारी के मुताबिक, शादी के सीजन में घोड़ा-बग्गी की मांग इतनी बढ़ जाती है कि लोग मनमानी कीमत देने को भी तैयार रहते हैं। ऐसे में बुकिंग कराने वाले परिवारों को समय और बजट दोनों के लिहाज से समझौता करना पड़ता है।