दिल्ली की एक युवती ने बदायूं के एक युवक पर जबरन निकाह कराने और धर्म बदलने का दबाव बनाकर वर्षों तक प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि करीब नौ साल तक प्रताड़ना सहने के बाद उसने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।
बदायूं के सिविल लाइंस इलाके में जबरन निकाह और मतांतरण का मामला सामने आया है। दिल्ली के बदरपुर इलाके की रहने वाली युवती ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसे धमकाकर पहले जबरन निकाह कराया गया, फिर धर्म बदलने का दबाव बनाकर सालों तक प्रताड़ित किया गया। विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने तहरीर मिलने पर जांच शुरू कर दी है।
युवती दिल्ली के एक अस्पताल में दाई का काम करती थी। उसका कहना है कि करीब नौ साल पहले बदायूं के शेखूपुर निवासी युवक से अस्पताल में ही उसकी मुलाकात हुई थी। आरोप है कि युवक ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया और एक दिन उसके कमरे में आकर उसके साथ जबरदस्ती की। शिकायत की बात कहने पर युवक और उसके घर वालों ने धमकियां देकर समझौता करा लिया। इसके बाद सात लोगों की मौजूदगी में दबाव में उसका निकाह करा दिया गया।
युवती का कहना है कि निकाह के बाद उसे बदायूं के शेखूपुर लाया गया, जहां युवक की मां, भाई, भाभी और अन्य स्वजन ने उस पर इस्लाम धर्म कबूल करने का दबाव बनाया। मांस खाने के लिए मजबूर किया गया और उसे बंधक बनाकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसके अनुसार वह किसी तरह युवक के साथ दिल्ली चली आई, लेकिन वहां भी उसे चैन नहीं मिला। दिल्ली में पड़ोसियों ने युवक के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और अंत में उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह 26 नवंबर को सिविल लाइंस थाने पहुंची और तहरीर दी। उसने युवक, उसके परिवार के सदस्यों और दिल्ली के पड़ोसियों के नाम भी लिए हैं तथा प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
इस बीच सिविल लाइंस थाने के एसएसआइ सतेंद्र सिंह ने बताया कि थाने तक ऐसा मामला नहीं आया है। शेखूपुर चौकी पुलिस को तहरीर मिली है। प्राथमिक जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है। महिला कई साल से युवक के साथ ही रह रही है। उनके अनुसार इसमें जो भी मामला है वह दिल्ली का ही है, बदायूं से इसका कोई लेना-देना नहीं है।
