केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भारत के नक्शे के जरिए बताया है कि डिलिमिटेशन बिल के बाद देश का सियासी नक्शा कैसे बदलेगा। मोदी सरकार ने कैबिनेट से डिलिमिटेशन बिल को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद अब इसे संसद के विशेष सत्र में लोकसभा और राज्यसभा में पेश किया जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि वह इसे दो तिहाई बहुमत से पास करवा लेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार ने बिल पास करवाने के लिए विपक्षी एकता में भी सेंधमारी की है और इंडिया अलायंस के कई दल बिल का सपोर्ट करने जा रहे हैं। शरद पवार की एनसीपी-एसपी बिल का समर्थन करेगी और एमके स्टालिन की डीएमके ने भी बिल को सपोर्ट करने का ऐलान किया है।
मेघवाल ने एक्स पर कहा कि लोकसभा की संख्या 50 फीसदी बढ़कर मौजूदा 543 सीटों से 816 हो जाएगी और हर राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेश में संसदीय प्रतिनिधित्व में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि कैबिनेट का डिलिमिटेशन अमेंडमेंट बिल को मंजूरी देना डेमोक्रेटिक रिप्रेजेंटेशन को मजबूत करने और 2029 के लोकसभा चुनावों में महिलाओं के लिए 33 फीसदी रिजर्वेशन का रास्ता बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उनके मुताबिक, यह सिर्फ एक कानूनी सुधार नहीं है, बल्कि सबको साथ लेकर चलने वाले लोकतंत्र और देश बनाने में नारी शक्ति की सही जगह के लिए एक पक्का वादा है।
नए सियासी नक्शे के अनुसार, यूपी में अभी 80 सीटें हैं, जो बढ़कर 120 हो जाएंगी। तमिलनाडु में 39 से 59 सीटें होने का प्रस्ताव है। केरल की 20 सीटें बढ़कर 30 हो जाएंगी, जबकि कर्नाटक में 28 सीटें बढ़कर 42 हो जाएंगी। गुजरात में अभी 26 सीटें हैं, जो बढ़कर 39 हो जाएंगी और बिहार की 40 सीटें बढ़कर 60 हो जाएंगी। इस तरह सभी राज्यों में 50 फीसदी सीटें बढ़ने वाली हैं।
एनडीए के पास अभी लोकसभा में 320 सीटें हैं। इसमें डीएमके, शरद पवार की एनसीपी-एसपी और वाईएसआर कांग्रेस का भी समर्थन मिलने की उम्मीद है, जिससे कुल संख्या बढ़कर 354 हो जाएगी। डीएमके के 22, एनसीपी-एसपी के 8 और वाईएसआर कांग्रेस के चार सांसद हैं। अभी सदन में 540 सांसद हैं, जिससे दो तिहाई का आंकड़ा 360 हो जाता है। यानी छह सांसदों की कमी है, लेकिन वोटिंग के दौरान कुछ सांसद गायब रह सकते हैं, जिससे डिलिमिटेशन बिल आसानी से पास हो सकता है।
