देवरिया के भटनी में चांदपार पुल के पास रविवार को सड़क किनारे एक पूर्व प्रधान का शव बरामद हुआ। राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान पंडरी बनमाली गांव निवासी संजय प्रसाद उर्फ श्यामा (50) पुत्र शिवदेनी प्रसाद के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि संजय प्रसाद शनिवार सुबह घर से निकले थे। वह चांदपार स्थित एक विद्यालय में वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे और गांव के पूर्व प्रधान भी रह चुके थे।
शव मिलने की सूचना पर खुखुंदू पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
