महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) ने पुणे के सिंहगढ़ रोड पर स्थित ऐमजॉन और बिगबास्केट के दो डार्क स्टोर्स का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। अधिकारियों का दावा है कि शनिवार को निरीक्षण के दौरान वहां एक्सपायर हो चुकी मिठाइयां और फंगस लगे फूड आइटम्स मिले। खाने-पीने की चीजें साबुन के साथ रखी पाई गईं। इसके बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की गई।
एफडीए के मुताबिक, ऐमजॉन के डार्क स्टोर को गजानन इन्वेंटरीज और बिगबास्केट के स्टोर को इनोवेटिव रिटेल कॉन्सेप्ट ऑपरेट कर रही थी। ऐमजॉन के स्टोर से एक्सपायर्ड लड्डू, पेड़े और अन्य फूड प्रोडक्ट्स मिले, जिनमें कई पर फफूंद लगी थी। फूड कंटेनर में धूल पाई गई और घी के एक कंटेनर का ढक्कन टूटा होने से कार्टन से घी रिस रहा था। बिगबास्केट के स्टोर में एक्सपायर्ड केक, ब्रेड, मिल्क रस्क और चटनी मिली, और कई फूड प्रोडक्ट्स फर्श पर पड़े थे। एफडीए ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से समझौता करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डार्क स्टोर ऐसे वेयरहाउस होते हैं जो खास तौर पर ऑनलाइन ऑर्डर पूरे करने के लिए बनाए जाते हैं। इनमें आम ग्राहकों का आना-जाना नहीं होता और केवल अधिक मांग वाली वस्तुएं रखी जाती हैं, ताकि ऑनलाइन ऑर्डर की तेजी से सप्लाई हो सके। भारत में ब्लिंकिट, जेप्टो और स्विगी इंस्टामार्ट ने 10 से 15 मिनट में डिलीवरी के लिए यह मॉडल अपनाया है।
यह पहला मौका नहीं है जब क्विक कॉमर्स कंपनियों के डार्क स्टोर्स पर कार्रवाई हुई है। सितंबर में बेंगलुरु में एफडीए को ऐमजॉन और इंस्टामार्ट के डार्क स्टोर्स, वेयरहाउस और सप्लाई फैसिलिटीज से करीब 3 करोड़ रुपये का एक्सपायर्ड और मिसलेबल्ड फूड आइटम मिला था। अक्टूबर में तेलंगाना में स्विगी इंस्टामार्ट, फ्लिपकार्ट और जेप्टो के लाइसेंस सस्पेंड किए गए थे। राजस्थान में ब्लिंकिट की फैसिलिटीज से एक्सपायर्ड डेयरी प्रोडक्ट्स मिले थे। एफएसएसएआई ने भी देशभर में कई जगह छापे मारकर खाद्य सुरक्षा की खामियां पकड़ी हैं।
