गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार रात एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक और कार की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई। कच्छ पश्चिम पुलिस कंट्रोल रूम के एक अधिकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 10 बजे उस समय हुआ जब एक परिवार कच्छ का रण घूमने के बाद भुज लौट रहा था। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महीने की एक बच्ची भी शामिल है। दुर्घटना के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को निकालने में कई घंटे लग गए।
अधिकारी के अनुसार, सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवार के सदस्य थे। मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), उनकी तीन महीने की बेटी शिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी बेटी रक्षिता (सात), रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका के रूप में हुई है।
इससे पहले 8 अक्टूबर को कच्छ के खावड़ा में अरी पार्क के पास पिकअप वाहन और ट्रक की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 6 अक्टूबर को भावनगर जिले में भावनगर-सोमनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सर्विस रोड पर खड़ी ट्रेलर से एसयूवी टकराने की घटना में सात लोगों की मौत हुई थी।
