गुजरात के कच्छ में शनिवार रात करीब 10 बजे एक ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दो हिस्सों में बंट गई और उसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं, जिनमें एक तीन महीने की बच्ची भी है।
मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और उनकी तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इसके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात साल की बेटी रक्षित, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार साल की बेटी वामिका की भी मौत हुई है। सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से थे।
बताया गया कि ये लोग रण ऑफ कच्छ घूमकर भुज लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और दो हिस्सों में बंटने से उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे के बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा और शवों को निकालने का काम शुरू किया। कार के मलबे में फंसे शवों को बाहर निकालने में कई घंटे लगे।
