छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले की रहने वाली 18 वर्षीय युवती इंस्टाग्राम पर एक युवक के संपर्क में आई और उसके विवाह का भरोसा देने पर चार नवंबर को झारखंड के हजारीबाग पहुंची। युवक ने उसे बरही रेलवे स्टेशन बुलाया, लेकिन वहां पहुंचने पर उसका मोबाइल बंद मिला। निराश युवती स्टेशन के समीप एक दुकान के बाहर बैठ गई, जहां दुकानदार की सूचना पर बरही पुलिस ने उसे सुरक्षित थाने पहुंचाया।

बाद में सखी वन स्टॉप सेंटर के सहयोग से युवती को शक्ति सदन में आश्रय और परामर्श दिया गया। शक्ति सदन की टीम ने उसके परिवार से संपर्क कर उन्हें हजारीबाग बुलाया। शुरुआत में परिजन आने को तैयार नहीं थे, लेकिन लगातार संवाद और पुलिस के सहयोग से वे हजारीबाग पहुंचे।

आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को परिजनों के साथ सुरक्षित उसके घर भेज दिया गया। मामले में युवती का नाम बदलकर लिखा गया है।