देवरिया में रामजानकी मार्ग पर राप्ती नदी स्थित उग्रसेन सिंह सेतु पर आवागमन बंद होने से शादी-विवाह के सीजन में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुल बंद होने की जानकारी न होने के कारण लोग लंबी दूरी तय कर कपरवार पहुंच रहे हैं। बड़हलगंज से पटना चौकी पहुंचने पर पुल बंद होने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें वापस बड़हलगंज लौटना पड़ रहा है। इसके बाद रुद्रपुर मार्ग से गंतव्य तक पहुंचने के लिए करीब 115 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है, जिससे शादी-विवाह में जाने वाले लोगों को समय और ईंधन की बर्बादी के साथ परेशानी उठानी पड़ रही है।

पुल की मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन अगले दो माह तक आवागमन सामान्य होने की उम्मीद नहीं है। लखनऊ से आई विशेषज्ञ तकनीकी टीम की देखरेख में पुल के क्षतिग्रस्त छह डेकों की मरम्मत चरणबद्ध तरीके से कराई जा रही है। फिलहाल पहले, तीसरे और पांचवें स्पैन के बीच तीन डेकों पर काम चल रहा है। निर्माण में तेजी के लिए 100 मीटर लंबे आधुनिक कंक्रीट पंप से ढलाई कराई जा रही है। एक डेक की ढलाई छह नवंबर को पूरी हो चुकी है, जबकि गुरुवार की रात तीसरे और छठवें डेक पर भी कंक्रीट की ढलाई पूरी कर ली गई।

तीसरे और चौथे हिस्से में शटरिंग व चैनल का काम पूरा हो चुका है, जबकि पांचवें हिस्से में शुक्रवार से शटरिंग शुरू होगी। शेष तीन डेकों की मरम्मत की तैयारी भी चल रही है। तकनीकी मानकों के अनुसार, पहले डेक की ढलाई के करीब 21 दिन बाद ही कंक्रीट पर्याप्त मजबूती हासिल कर सकेगा, और उसके बाद ही पुल पर आवागमन शुरू होने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि 16 जुलाई को उग्रसेन सिंह सेतु में पहली बार खराबी आई थी। मरम्मत के बाद आवागमन शुरू हुआ ही था कि डेक में दोबारा छेद होने के कारण पुल पर वाहनों का संचालन बंद करना पड़ा। शुरुआत में एक डेक की मरम्मत कराई जा रही थी, लेकिन तकनीकी जांच में पांच अन्य डेकों में भी दरारें मिलने के बाद सभी छह डेकों की मरम्मत का निर्णय लिया गया। ऐसे में शादी-विवाह के सीजन में राहगीरों को अभी करीब दो माह तक परेशानी झेलनी पड़ सकती है।