देवशयनी एकादशी के बाद चार माह तक चले चातुर्मास का समापन कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी हरि प्रबोधिनी (देवोत्थान एकादशी) से शुक्रवार से होगा। इसके साथ ही विवाह, गृह प्रवेश और मुंडन जैसे मांगलिक कार्य फिर से आरंभ हो जाएंगे। ज्योतिषाचार्य पं. ऋषि द्विवेदी के अनुसार एकादशी तिथि 19-20 नवंबर की देर रात्रि ढाई बजे से आरंभ होकर 20-21 नवंबर की देर रात्रि दो बजकर 18 मिनट तक रहेगी।

एकादशी पर भगवान विष्णु के मंदिरों में विशेष सजावट, शृंगार, पूजन-अनुष्ठान और तुलसी विवाह संपन्न होगा। बताया गया कि इस दिन प्रातः स्नान के बाद व्रत रखकर रात्रि में विष्णु सहस्रनाम, सुभाषित, विष्णुकथा और पुराणों का श्रवण करते हुए भजन-कीर्तन तथा घंटा, शंख, नगाड़े और वीणा के स्वरों के बीच प्रभु को जगाने का विधान है।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पांडेय ने बताया कि 20 नवंबर को भद्रा के प्रभाव के चलते तुलसी विवाह दोपहर दो बजकर 25 मिनट से पहले संपन्न करना उपयुक्त रहेगा।

एकादशी से भीष्म पंचक व्रत भी आरंभ होगा। इसके निमित्त काम-क्रोध आदि त्यागकर ब्रह्मचर्य धारण करने, क्षमा, दया और उदारता युक्त होकर सोने या चांदी की लक्ष्मी-नारायण की मूर्ति बनवाकर वेदी पर स्थापित करने और ऋतु फल, मीठा, गंध, पुष्प, दीप, धूप तथा नैवेद्य आदि से पूजन कर पांच दिन तक व्रत या उपवास कर पद्म पुराण का श्रवण करने का विधान बताया गया है।