हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। इसे देवोत्थान एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं, चातुर्मास समाप्त होता है और विवाह तथा गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। इस दिन घरों और मंदिरों में विशेष पूजा होती है और भक्त शंख व घंटियां बजाकर भगवान को जगाते हैं।
कई क्षेत्रों में महिलाएं पूजा के दौरान पारंपरिक लोकगीत गाकर देवताओं को जगाने की रस्म निभाती हैं। इनमें 'उठो देव बैठो देव, पाटकली चटकाओ देव। आषाढ़ में सोए देव, कार्तिक में जागे देव...' जैसे बोल गाए जाते हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में थोड़े बदल जाते हैं। गीत गाते हुए महिलाएं थाली या परात बजाती हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं और संसार में शुभ कार्यों का आरंभ होता है।
इस अवसर पर 'उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पते। त्वयि सुप्ते जगन्नाथ जगत् सुप्तं भवेदिदम्॥' मंत्र का जाप भी किया जाता है। मान्यता है कि इस मंत्र से भगवान प्रसन्न होते हैं और भक्तों पर कृपा बनाए रखते हैं। इस दिन सुबह स्नान के बाद भगवान विष्णु की पूजा की जाती है, भगवान के चरणों के प्रतीक बनाए जाते हैं और शाम को दीपक जलाकर शंख-घंटियां बजाई जाती हैं। भगवान को फल, मिठाई, गन्ना और मौसमी चीजों का भोग लगाया जाता है। कई स्थानों पर आंगन में रंगोली और सुंदर चौक भी बनाया जाता है।
कई स्थानों पर इस दिन तुलसी विवाह का आयोजन होता है, जिसमें माता तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप से कराया जाता है। इसे हिंदू धर्म की पवित्र परंपरा माना जाता है और मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि तथा परिवार में खुशहाली बनी रहती है। इस दिन से विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी शुभ मानी जाती है।
