झज्जर के गांव ढाकला में 12 नवंबर को हुई फायरिंग और हत्या के मामले में एसटीएफ रोहतक और झज्जर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन के तहत दो मुख्य शूटरों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को प्रेस वार्ता में डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सागर जून उर्फ भोलू पुत्र जोगिन्द्र, निवासी गांव नूना माजरा (थाना सदर झज्जर) और पंकज पुत्र नरेश कुमार, निवासी गांव बराही (जिला झज्जर) हैं। पुलिस कार्रवाई के दौरान दोनों के पैरों में चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल झज्जर में भर्ती कराया गया है। आरोपितों को झज्जर रोड स्थित गुढ़ा फ्लाईओवर पर उत्तर प्रदेश नंबर की बोलेरो गाड़ी सहित घेरकर पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार वारदात के पीछे पुरानी आपसी रंजिश और बदले की भावना थी। मुख्य आरोपित सागर के चाचा सुरेंद्र उर्फ गुल्लर प्रधान की हत्या 20 अगस्त 2021 को हुई थी, और उसी का बदला लेने के लिए सागर ने विकास पर फायरिंग करवाई। जांच में यह भी सामने आया है कि मूल रूप से गांव रिटोली का रहने वाला और ढाकला में रिश्तेदारी में रहने वाला विकास पहले से आपराधिक मामलों में दर्ज है।
बीती 12 नवंबर को गांव ढाकला निवासी विकास के मकान में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग की थी। घटना में विकास और गांव ढाकला निवासी बलराम गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बलराम की मृत्यु हो गई, जबकि विकास का उपचार जारी रहा।
आईजी एसटीएफ सिमरदीप सिंह और सीपी झज्जर के नेतृत्व में एसपी एसटीएफ वसीम अकरम, एसटीएफ रोहतक इंचार्ज इंस्पेक्टर योगेन्द्र और सीआईए झज्जर इंचार्ज इंस्पेक्टर अमित की टीमों ने यह संयुक्त ऑपरेशन किया। पुलिस आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड हासिल करेगी, जिस दौरान वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों, हत्या की साजिश और आपराधिक नेटवर्क के अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जाएगी। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
