धनबाद के जामाडोबा में यादव समाज और खटाल संचालकों की मंगलवार को एक बैठक हुई, जिसमें पशु चारा, दाना और खल्ली की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी पर चिंता जताई गई। खटाल संचालक गोपाल यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बढ़ती लागत को देखते हुए एक दिसंबर से दूध और पनीर की नई दरें लागू की जाएंगी।

गोपाल यादव ने बताया कि जामाडोबा क्षेत्र में करीब 300 खटाल संचालित हैं और पिछले एक वर्ष में पशु आहार की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है, जिससे संचालकों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लागत बढ़ने के कारण दूध और पनीर की कीमतों में बदलाव करना जरूरी हो गया है।

नई दरों के अनुसार एक दिसंबर से गाय का दूध 70 रुपये प्रति लीटर, भैंस का दूध 80 रुपये प्रति लीटर और पनीर 400 रुपये प्रति किलो की दर से बिकेगा। बैठक में शामिल सभी संचालकों ने नई दरों का पालन करने पर सहमति जताई।

संचालकों के अनुसार वर्ष 2025 में चोकर का बोरा 1100 रुपये, बिचाली 150 रुपये प्रति मन, सरसों खल्ली 35 रुपये और गेहूं घाटा 26 रुपये प्रति किलो था, जो अब बढ़कर क्रमशः 1700 रुपये, 300 रुपये प्रति मन, 45 रुपये और 35 रुपये प्रति किलो हो गया है। बैठक में कृष्णा यादव, अनिल यादव, विकास यादव, गौरव यादव, विजय यादव, नंदू यादव और पन्नालाल यादव मौजूद थे।