केंद्र की मोदी सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाने का ऐलान किया है। जानकारों की मानें तो इस सत्र में परिसीमन विधेयक और उससे जुड़े महिला आरक्षण विधेयक को पेश करने की तैयारी है। इन विधेयकों को पारित कराने के लिए NDA को दो तिहाई बहुमत चाहिए, इसलिए नजरें उन दलों पर टिकी हैं जो सरकार का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन परिसीमन बिल को समर्थन दे सकते हैं। इनमें लोकसभा में 22 सांसदों वाली DMK का नाम सबसे अहम है।
DMK ने अब तक सीधे तौर पर मोदी सरकार को समर्थन देने का ऐलान नहीं किया है, लेकिन उसे अभी से 'गद्दार' का टैग मिल गया है। यह नाम उसे पूर्व सहयोगी कांग्रेस ने दिया है। तमिलनाडु कांग्रेस प्रमुख मणिकम टैगोर ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, क्या पीठ में छुरा घोंपने वाले तैयार हैं? यह पोस्ट केंद्रीय मंत्री किरन रिजीजू के संसद के विशेष सत्र की घोषणा वाले पोस्ट के जवाब में की गई थी।
बता दें कि कांग्रेस और DMK सालों तक सहयोगी रहे थे। इस साल तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद दोनों की राहें अलग हो गईं। विजय की पार्टी राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन बहुमत के लिए उसे साथियों की जरूरत थी। तब कांग्रेस ने विजय की TVK को समर्थन दे दिया, जिससे DMK नाराज हो गई। तब DMK ने कांग्रेस को गद्दार बताया था। DMK चीफ एम के स्टालिन ने खुद को इंडिया गठबंधन से भी अलग कर लिया और पार्टी ने साफ कहा कि वह अब इस गठबंधन का हिस्सा नहीं है।
इससे पहले मोदी सरकार ने अप्रैल में भी परिसीमन बिल पास कराने की कोशिश में संसद का विशेष सत्र बुलाया था। तब DMK ने इस विधेयक के खिलाफ वोटिंग की थी और NDA बिल पास कराने के लिए जरूरी दो तिहाई का आंकड़ा नहीं जुटा पाई थी। तब सरकार को 298 वोट मिले थे। हालांकि तब से राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। बिल पास कराने के लिए NDA को लोकसभा में 358 सांसदों का समर्थन चाहिए, जबकि सरकार के पास फिलहाल 322 सांसद हैं। सरकार के दावे के मुताबिक उसे वाईएसआरसीपी और NCP के 12 सांसदों का समर्थन मिल सकता है। ऐसे में DMK के 22 सांसदों का समर्थन सरकार के लिए अहम हो जाता है।
