बाजार से ज्यादा नींबू ले आने पर कुछ ही दिनों में वे काले पड़ने लगते हैं और अक्सर लोग उन्हें फेंक देते हैं। ऐसे सूखे नींबू को भी कई घरेलू कामों में दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है।
सूखे नींबू को दो हिस्सों में काटकर किचन के कोनों में रखा जा सकता है। फ्रिज की बदबू दूर करने के लिए इसे काटकर फ्रिज में रख दें, जबकि माइक्रोवेव या ओवन में थोड़ी देर गर्म करने के बाद उसे वहीं रखा छोड़ दें।
नींबू को क्लीनिंग एजेंट के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। चॉपिंग बोर्ड की गंदगी हटाने के लिए सूखे नींबू पर नमक लगाकर उसे बोर्ड पर करीब एक मिनट तक गोल-गोल रगड़ें और फिर सामान्य तरीके से धो लें। ब्लेंडर की सफाई के लिए सूखे नींबू पर बेकिंग सोडा छिड़ककर दो मिनट तक रगड़ें और बाद में गुनगुने पानी से साफ कर लें।
किचन में कीड़े-मकौड़े और चींटियां भगाने के लिए भी सूखा नींबू कारगर माना जाता है। इसके लिए सूखे नींबू को धूप में अच्छी तरह सुखाकर पाउडर बना लें और उसे किचन के साथ घर के कोनों में छिड़क दें। इसी पाउडर को उन पौधों की मिट्टी में सही मात्रा में मिलाया जा सकता है, जिनके लिए थोड़ी अम्लीय मिट्टी की जरूरत होती है, क्योंकि नींबू में मौजूद सिट्रिक गुण ऐसे पौधों को पोषण देते हैं।
