पूर्वी चंपारण के कोटवा में पुलिस और सामाजिक संगठनों की संयुक्त टीम ने शनिवार को तीन आर्केस्ट्रा पर एक साथ छापेमारी की। कोटवा ओवरब्रिज के समीप संचालित चंपारण चैंपियन, संगीत सागर और मोनी आर्केस्ट्रा से 16 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। पुलिस को आशंका है कि इन नाबालिगों को बंधक बनाकर काम कराया जा रहा था।

मुक्त कराई गई लड़कियों में 12 असम, तीन पश्चिम बंगाल और एक हरियाणा की रहने वाली है। पुलिस ने सभी लड़कियों को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया है और उनकी सुरक्षा तथा आगे की प्रक्रिया के लिए संबंधित टीम कार्रवाई कर रही है। छापेमारी के दौरान मौके से छह डीजे बाक्स भी बरामद किए गए।

कार्रवाई में तीनों आर्केस्ट्रा के संचालकों को गिरफ्तार किया गया। इनमें चंपारण चैंपियन के संचालक कोटवा निवासी वीरेंद्र कुमार, संगीत सागर के संचालक हरसिद्धि थाना क्षेत्र के धनखरैया निवासी समेंद्र दास और मोनी आर्केस्ट्रा के संचालक कोटवा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर वृत्त निवासी राहुल शर्मा शामिल हैं।

छापेमारी सदर-दो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेश पांडेय के नेतृत्व में की गई। टीम में एएचटीयू शाखा मोतिहारी के प्रभारी पुलिस निरीक्षक सर्वेंद्र कुमार सिन्हा, कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, महिला थाना की एसआई माला कुमारी और कोटवा थाना की एसआई नीति शर्मा शामिल थीं। इसके अलावा पुलिस लाइन से पांच महिला जवान, सात क्यूआरटी जवान और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य भी कार्रवाई में शामिल रहे। एसडीपीओ जितेश पांडेय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आर्केस्ट्रा में नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर काम कराया जा रहा है, जिसके बाद टीम गठित कर तीनों ठिकानों पर छापेमारी की गई। तीनों संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।