मिस्र में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें 30 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक वाहन प्रमुख रिंग रोड पर पलट गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। यह हादसा ग्रेटर काहिरा को जोड़ने वाले रिंग रोड पर गीजा के अल-वर्राक इलाके में एक सुरंग के ऊपर हुआ। यह मार्ग काहिरा, गीजा और कल्यूबिया प्रांतों को प्रमुख राजमार्गों से जोड़ता है।
घटना की सूचना मिलने के बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मंत्रालय ने मृतकों और घायलों की संख्या की पुष्टि की है।
मिस्र में तेज रफ्तार, यातायात नियमों का कमजोर पालन और खराब सड़कें सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण माने जाते हैं। पिछले कुछ वर्षों में मिस्र सरकार ने यातायात का दबाव कम करने और तेजी से बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा करने के लिए नए राजमार्गों और पुलों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया है। हालांकि, इसके बावजूद देश में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं।
