अमेरिका में H-1B वीजा को लेकर चल रही बहस के बीच केटो इंस्टीट्यूट की एक स्टडी में दावा किया गया है कि अगर स्किल्ड विदेशी वर्कर्स को अमेरिका आने से रोका जाता है, तो अमेरिकी लोगों के लिए नौकरी के मौके भी प्रभावित हो सकते हैं। अमेरिका में एक बड़ा वर्ग H-1B वीजा को अपनी नौकरियां जाने की वजह मानता है और सरकार से इसे बंद करने की मांग करता रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने भी वीजा को लेकर रास्ते मुश्किल किए हैं।

'इमिग्रेंट्स इन फाइनेंस: एविडेंस फ्रॉम हेज फंड्स' शीर्षक वाली इस रिपोर्ट में जुन चेन, शेनजे ह्शीह, मेल्विन टीओ और फेंग झांग ने स्टडी की है। इसमें हेज फंड्स के इंवेस्टमेंट परफॉर्मेंस और भर्ती प्रक्रिया में H-1B वर्कर्स को रखने के असर को देखा गया। स्टडी के मुताबिक, जिन हेज फंड्स को वीजा लॉटरी में ज्यादा सफलता मिली, उन्होंने गैर-STEM (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स) क्षेत्र में अमेरिकी वर्कर्स के लिए ज्यादा नौकरियों के विज्ञापन निकाले, हालांकि STEM क्षेत्र में स्थानीय प्रोफेशनल्स के लिए कम वैकेंसी जारी कीं।

रिपोर्ट के अनुसार, जोखिम के हिसाब से समायोजित करने के बाद वीजा लॉटरी में सबसे ज्यादा सफलता दर वाले हेज फंड्स के पोर्टफोलियो ने सबसे कम सफलता दर वाले फंड्स से सालाना 3.28 प्रतिशत अंक बेहतर प्रदर्शन किया। किसी फर्म की वीजा लॉटरी सफलता दर में बदलाव बढ़ने पर सालाना जोखिम-समायोजित रिटर्न में 2.09 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी देखी गई। ये फायदे खासतौर पर उन फंड्स में साफ दिखे जिन्होंने पोस्टग्रेजुएट डिग्री वाले और STEM क्षेत्र के हाई स्किल विदेशी प्रोफेशनल्स को रखा, जिन्होंने इंवेस्टमेंट स्ट्रैटेजी बनाने और मुनाफे वाले बाजार अवसरों की पहचान करने में मदद की।

स्टडी में 2004 के बाद वीजा कोटे को 1.95 लाख से घटाकर 65 हजार किए जाने का असर भी देखा गया। वीजा कटौती के बाद जिन हेज फंड्स ने H-1B वर्कर्स पर भरोसा किया था, उनके प्रदर्शन में कमजोरी आई। ऐसे फंड्स के मुकाबले जो पहले इस वीजा प्रोग्राम पर निर्भर नहीं थे, उनके सालाना रिटर्न में लगभग 3 प्रतिशत अंक की गिरावट और जोखिम-समायोजित रिटर्न में 5.46 प्रतिशत अंक की कमी दर्ज की गई।