महाराष्ट्र में शिवसेना के दोनों गुटों के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर आरोप लगाया कि उन्हें शाह के खिलाफ बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। शिंदे ने कहा कि ठाकरे मीडिया में बने रहने के लिए ऐसे बयान देते हैं। उन्होंने 2019 में भाजपा-शिवसेना गठबंधन को लेकर भी ठाकरे पर आरोप लगाए।

शिंदे ने कहा कि जिन लोगों ने 2019 में महाराष्ट्र की जनता से झूठ बोला और गठबंधन साथी की पीठ में खंजर घोंपा, उन्हें अमित शाह पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने ठाकरे को नकार दिया है और अब वे मोदी तथा शाह पर टिप्पणी कर सुर्खियां बटोरना चाहते हैं। शिंदे ने अनुच्छेद 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि यह बालासाहब ठाकरे का सपना था, जिसे मोदी और शाह ने पूरा किया।

इससे पहले उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया था कि पुणे में अमित शाह ने जिन हाथों से अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया, उन्हें पवार के सामने माफी मांगनी चाहिए थी। ठाकरे के अनुसार, भाजपा ने ही अजित पवार पर 70 हजार करोड़ के घोटाले के आरोप लगाए थे। उन्होंने यह भी कहा था कि देश में सत्ता परिवर्तन के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

गौरतलब है कि सोमवार को अमित शाह ने पुणे में जिला परिषद कार्यालय के एक कार्यक्रम में भाग लिया था और अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि पवार का निधन महाराष्ट्र के लिए बड़ा नुकसान है।