नोएडा अथॉरिटी ने पुश्ता रोड के 10 किमी विस्तार के लिए 280 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। यह चार लेन की सड़क सिंचाई विभाग बनाएगा। पहले विभाग ने करीब 350 करोड़ रुपये का एस्टिमेट भेजा था, जिस पर करीब दो महीने तक मंथन चला।
मौजूदा पुश्ता रोड सेक्टर-94 से शुरू होकर सेक्टर-135 के एडवांट तक जाती है और नोएडा एक्सप्रेसवे किनारे बने दफ्तरों तक आने-जाने वाले लोग इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। यह सड़क यमुना के बांध जैसा कार्य भी करती है। योजना के तहत इसे सेक्टर-135 से आगे सेक्टर-150 होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे तक बढ़ाया जाएगा और रोटरी बनाकर एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।
इससे कालिंदी कुंज की ओर से आने वाला ट्रैफिक सीधे एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेगा और जाम नहीं लगेगा। नया लिंक रोड बनने से यमुना एक्सप्रेसवे का नया कनेक्शन भी तैयार हो जाएगा।
फिलहाल पुश्ता रोड की रिसर्फेसिंग का काम चल रहा है, जिसके लिए नोएडा प्राधिकरण लगभग 34 करोड़ रुपये आवंटित कर चुका है। यह काम सिंचाई विभाग करा रहा है। बांध की लंबाई बढ़ने से आसपास के गांवों में बाढ़ का जोखिम भी कम होगा।
