शामली में नवागत जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा ने कार्यभार संभाल लिया है। वे जिले के 16वें डीएम हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) रहे प्रवीण वर्मा ने 16 नवंबर की रात कलक्ट्रेट पहुंचकर कोषागार के डबल लाक में आवश्यक अभिलेखों पर हस्ताक्षर करने के बाद जिलाधिकारी का कार्यभार संभाला था।

मंगलवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक उन्होंने अपने कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बात करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पुलिस अधीक्षक के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा। विकास की नई संभावनाएं तलाशने के साथ ऐसी कार्ययोजनाओं पर जोर रहेगा, जिनसे जिले में विकास की गति तेज हो सके। जनगणना-2027 और आगामी निर्वाचन से जुड़े कार्यों को भी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पूरा कराया जाएगा।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह और अपर जिलाधिकारी न्यायिक सोहनलाल मौजूद रहे। प्रवीण वर्मा से पूर्व 2015 बैच के आईएएस अधिकारी आलोक यादव ने 24 अप्रैल को जिलाधिकारी का कार्यभार संभाला था। करीब सात माह के कार्यकाल में उन्होंने जिले की प्रशासनिक और विकास संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर सक्रियता दिखाई। अब उन्हें आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।