नोएडा के सेक्टर-51 में दिवाली के बाद पुलिस पेट्रोलिंग कम होने और असामाजिक गतिविधियां बढ़ने का आरोप लगाते हुए आरडब्ल्यूए ने डीसीपी नोएडा को पत्र लिखा है। आरडब्ल्यूए महासचिव संजीव कुमार ने बताया कि सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के पास बने महिला पिंक बूथ के पीछे शाम छह बजे से देर रात तक खुले में शराब पीने का सिलसिला चलता है और रेहड़ी-पटरी के कारण यहां जाम भी लगता है। इसके अलावा सेक्टर-51 के डी-ब्लाक पार्क के कोने पर खुले में गांजा बेचने की शिकायत भी की गई है।
आरडब्ल्यूए ने रात में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, अवैध गतिविधियों पर रोक और अतिक्रमण हटाने की मांग की है। साथ ही डीसीपी से क्षेत्र के निवासियों के साथ बैठक करने का अनुरोध भी किया गया है।
मामले में डीसीपी प्रीति यादव का कहना है कि शिकायत के संबंध में उचित कार्रवाई होगी और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी।
