पटेल नगर थाना पुलिस ने दुष्कर्म के बाद अश्लील तस्वीरें और वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर पीड़िता से रुपये ऐंठने के मामले में फरार चल रहे घोषित अपराधी को रोहतक से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान अरुण डबास उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। तीस हजारी कोर्ट ने उसे 13 अगस्त को घोषित अपराधी करार दिया था। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी पड़ताल कर रही है।
मध्य जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर पटेल नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अरुण ने खुद को एक ही जाति का होने के चलते पीड़िता का भाई बताकर पहले उसका विश्वास जीता। इसके बाद उसे नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। आरोप है कि इस दौरान उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील तस्वीरें व वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं तस्वीरों और वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर उससे रुपये वसूलने की कोशिश की गई।
मामला दर्ज होने के बाद से आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा और अपने ठिकाने बदलता रहा। पटेल नगर थाना पुलिस ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर उसके संभावित ठिकानों का पता लगाया। टीम को 16 नवंबर को सूचना मिली कि आरोपित रोहतक स्थित सनसिटी टावर्स में मौजूद है, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल दबिश देकर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और प्रिजन एक्ट से जुड़े अन्य मामलों में भी शामिल रहा है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है।
