इटावा महोत्सव का शुभारंभ 22 नवंबर को दोपहर तीन बजे होगा। यह उत्सव करीब डेढ़ महीने तक चलेगा। आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। प्रदर्शनी परिसर में दुकानों का निर्माण, रंगाई-पुताई और बिजली की सजावट का काम चल रहा है। महोत्सव पंडाल के मंच को भी सजाया जा रहा है।
इस बार महोत्सव में 1050 से अधिक दुकानें लगेंगी, जिनमें 450 से अधिक लेंटर वाली पक्की दुकानें शामिल होंगी। अन्य दुकानें प्रशासन की ओर से तैयार कराई जा रही हैं। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी बाजार अलग-अलग जोन में सजेगा। कामर्शियल जोन, टेक्सटाइल जोन, शिल्पी जोन और फूड जोन बनाए जा रहे हैं। सर्कस रोड पर खेल-तमाशे का बाजार भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। बुद्धा पार्क के सामने और उसके बगल के खाली मैदानों में भी दुकानें लगाई जाएंगी, जहां पिछले वर्ष तक पार्किंग की व्यवस्था थी। पंडाल गेट के सामने लगने वाले अधिकारियों के शिविरों का स्थान भी बदला गया है।
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने एडीएम न्यायिक मनोज प्रकाश को नोडल अधिकारी नामित किया है। उनके नेतृत्व में संबंधित अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। एडीएम न्यायिक मनोज प्रकाश ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं और 22 नवंबर को उद्घाटन होगा।
इटावा महोत्सव का इतिहास 1888 से जुड़ा है। तत्कालीन जिलाधिकारी एचजी अलेक्जेंडर ने इसकी शुरुआत पक्का तालाब पर एक छोटे मेले के रूप में कराई थी, जो केवल एक सप्ताह चला था। नगर के रईसों और व्यापारियों ने इसमें सहयोग किया था। वर्ष 1892 में कुछ कारणों से प्रदर्शनी बंद हो गई। इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट एचके रैक्सी ने 1910 में इसे पुनर्जीवित किया और इसी वर्ष पशु मेले की भी शुरुआत हुई। वर्ष 1911 में प्रदर्शनी को पक्का तालाब से हटाकर वर्तमान स्थल पर लाया गया। सेठ विशन दास ने प्रथम विष्णु द्वार का निर्माण कराया, जबकि पं. बदन सिंह ने कलकत्ता से पाम के वृक्ष मंगवाकर लगवाए। वर्ष 1916 में ज्वाला प्रसाद तिवारी ने उत्तरी द्वार बनवाया। वर्ष 1922 में राय बहादुर भटेले और पं. श्याम बिहारी लाल बिरारी ने पश्चिमी द्वार तथा लखना की रानी साहिबा महालकुबा बाई ने दक्षिणी द्वार का निर्माण कराया।
